Header Ads

वीके सिंह BJP में शामिल, कहा- ' यही पार्टी है देश में राष्ट्रवादी विकल्प’

लखनऊ: पूर्व आर्मी चीफ जनरल वीके सिंह आज (शनिवार को) भाजपा में शामिल हो गए हैं। भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह की उपस्थिति में वीके सिंह ने पार्टी की सदस्यता ली। उनके साथ-साथ कई रिटायर आर्मी अधिकारी भी भाजपा में शामिल हुए। सूत्रों ने बताया कि वीके सिंह राजस्थान के झुंझुनूं से भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार होंगे। इसके अलावे बॉलीवुड अभिनेत्री राखी सांवत भी आज भाजपा में शामिल हुई हैं। वी के सिंह ने आज भाजपा में शामिल होने के बाद कहा कि देश में ‘राष्ट्रवादी विकल्प’ केवल यही पार्टी दे सकती है। सिंह ने यहां भाजपा मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह की उपस्थिति में आयोजित एक समरोह में मुख्य विपक्षी दल की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कहा, देश को आज एक ऐसी सरकार की जरूरत है जो राष्ट्रवादी कार्य कर सके, ताकतवर हो और राष्ट्रहित में फैसले कर सके और ऐसा भाजपा की नेतृत्व वाली सरकार ही कर सकती है। उन्होंने कहा, वह दिन अब दूर नहीं जब भाजपा के नेतृत्व में राष्ट्रवादी विकल्प देने वाली सरकार बनेगी।

भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने जनरल सिंह सहित कई अन्य पूर्व सैनिकों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के आर्शीवाद से बहुत सोच समझ कर नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने दावा किया कि मोदी के नेतृत्व में बनने वाली सरकार किसी भी देश और शक्ति को भारत की सुरक्षा से खेलने की इजाज़त नहीं देने देगी। मोदी के प्रधानमंत्री बनने पर उन्होंने दावा किया कि सेना का आधुनिकीकरण किया जाएगा और रक्षा खरीद में पूरी पारदर्शिता का तंत्र स्थापित होगा वीके सिंह का कहना है कि भाजपा राष्ट्र हितकारी पार्टी है और एक सैनिक के नाते 42 साल तक देश की रक्षा करने के बाद अब वह इस पार्टी के जरिए देश की सेवा करना चाहते हैं। 

सेना से रिटायरमेंट के बाद जनरल लंबे समय तक समाजसेवी अन्ना हजारे के साथ भी जुड़े रहे। अन्ना के साथ मिलकर देश के कई इलाकों में उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ यात्रा भी निकाली थी। वीके सिंह ने इससे पहले हरियाणा के रोहतक में नरेंद्र मोदी की रैली में उनके साथ मंच साझा किया था, तभी से उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। गौरतलब है कि उम्र विवाद को लेकर यूपीए सरकार से सीधे टकराने और सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा तक खटखटाने के बाद वीके सिंह चर्चा में आए थे। सेना प्रमुख के पद पर रहने के दौरान आयु के मुद्दे पर जनरल वीके सिंह की सरकार के साथ लंबी लड़ाई चली थी।

Powered by Blogger.