Header Ads

अर्जेंटीना की जीत में मैसी चमके, बोस्निया को 2-1 से दी शिकस्‍त

रियो डि जिनेरियो : 20वें फीफा वर्ल्ड कप के ग्रुप-एफ के एक मुकाबले में उम्मीद के मुताबिक जोरदार प्रदर्शन करते हुए अर्जेंटीना ने जीत से आगाज किया। अर्जेंटीना ने कप्तान लियोनेल मैसी के धमाकेदार प्रदर्शन की बदौलत बोस्निया-हर्ज़ेगोविना को 2-1 से पराजित किया। इससे पहले खेले गए अन्य मुकाबलों में फ्रांस ने होंडुरस को 3-1 से और स्विटजरलैंड ने इक्वाडोर को 2-1 से पराजित किया।
  

अपने ही गोल पोस्ट में गेंद डाल बैठे सैयद  
पूर्व वर्ल्ड चैम्पियन अर्जेंटीना के खिलाड़ियों ने आक्रामक शुरुआत की। खासकर लियोनेल मैसी की तेजी देखने लायक थी। पहले हाफ के तीसरे मिनट में ही वे गेंद लेकर गोल पोस्ट की ओर बढ़ रहे थे, इसी बीच बोस्निया के खिलाड़ी सैयद कोलसिनक से गेंद लगकर जाल में समा गई। यह गोल डी के बेहद करीब से लगाया गया था। इसके बाद कई मौके पर दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने एक दूसरे को जबरदस्त टक्कर दी, लेकिन गेंद जाल तक नहीं पहुंचा सके।

गेंद के लिए जोरदार भिड़ंत
शुरुआत में ही गोल खाने से तिलमिलाई बोस्निया खिलाड़ियों ने गेंद पर कब्जा जमाने की कई मर्तबा कोशिश की। कई बार कामयाब भी हुए, लेकिन अर्जेंटीना की मजबूत रक्षापंक्ति को विफल करने में कामयाब नहीं हो सके। पहले हाफ में मात्र एक गोल ही लगाया जा सका।

फॉर्म में आए मैसी, बढ़त हुई दोगुनी
दूसरे हाफ के शुरुआत में खेल थोड़ा धीमा रहा। बोस्निया के खिलाड़ी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते नजर आए। इसी बीच लियोनेल मैसी काफी दूर से गेंद लेकर डी की ओर बढ़े रहे थे, बोस्निया के लगभग आधा दर्जन खिलाड़ी उन्हें रोकने में लगे हुए थे। गोलकीपर भी चौकन्ना था, लेकिन मैसी ने जोरदार किक लगाते हुए गेंद जाल में उलझा दिया। टूनार्मेंट में यह मैसी का पहला गोल है। इस गोल की बदौलत अर्जेंटीना ने बोस्निया के खिलाफ 2-0 की बढ़त ले ली। इसके बाद 85वें मिनट में वेदाद ने गोल लगाकर बोस्निया को जरूर राहत पहुंचाई, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसके खिलाड़ी अर्जेंटीना की बराबरी नहीं कर सके। इस प्रकार मैच अर्जेंटीना ने बोस्निया के खिलाफ मुकाबला 2-1 से जीता।

मैच में खास 
- तीसरे मिनट में सैयद ने अपनी ही टीम के खिलाफ गोल लगाकर अर्जेंटीना को 1-0 की मनोवेज्ञानिक बढ़त।
- लियोनेल मैसी ने 65वें मिनट में लगाया टीम का दूसरा गोल।
- 85वें मिनट में बोस्निया के लिए विदाद इबिसेविक ने लगाया गोल।
- दोनों टीमों के एक-एक खिलाड़ी को एलो कार्ड का सामना करना पड़ा।



Powered by Blogger.