चुनाव आयोग की सख्ती के कारण टली गोरखा सेना भर्ती
देहरादून : सेना भर्ती बोर्ड की खुली गोरखा भर्ती चुनाव आयोग की सख्ती से टल
गई है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 26 मार्च को आयोजित होने वाली
भर्ती में भारतीय गोरखाओं को हिस्सा लेना था। भारतीय सेना ने देश भर के गोरखाओं के लिए 26 मार्च को देहरादून में
खुली सेना भर्ती रखी थी। मगर पांच मार्च को चुनाव आयोग ने 16वीं लोकसभा
चुनाव की आचार संहिता लागू कर दी। आचार संहिता के दौरान जाति विशेष की
स्पेशल भर्ती समेत कोई भी काम नहीं हो सकता। इसी को लेकर निर्वाचन आयोग ने
26 मार्च को बरेली सेना भर्ती बोर्ड द्वारा आयोजित की जाने वाली भर्ती
टालने के निर्देश दिए हैं।
उत्तराखंड में बड़ी संख्या में गोरखा रहते हैं,
तो वहीं देश के कुछ अन्य भागों में भी इनकी संख्या बढ़ी है। इनको लेकर ही
सेना ने स्पेशल गोरखा खुली भर्ती रैली का आयोजन किया था। तीन दिवसीय भर्ती
में सिपाही जनरल ड्यूटी और टेक्निकल के पदों पर युवाओं को भर्ती करने की
तैयारी थी। मगर भर्ती टलने से बेरोजगार युवाओं को बड़ा झटका लगा है। वह काफी
दिनों से भर्ती की तैयारियों में जुटे थे। इसके अलावा बरेली में आयोजित
होने वाली खुली सेना भर्ती को जिला प्रशासन चुनाव के चलते टाल चुका है।
भारतीय गोरखाओं की 26 मार्च को देहरादून में खुली भर्ती थी। मगर यह आचार संहिता के चलते टल गई है। आचार संहिता के बाद सेना भर्ती हो सकेगी। - कर्नल परविंदर सिंह, निदेशक, सेना भर्ती बोर्ड बरेली
Post a Comment