राजधानी दिल्ली में प्रॉपर्टी विवाद में नेपाली युवक की चाकू मारकर हत्या
नई दिल्ली : करोलबाग में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर हुए झगड़े में कुछ युवकों ने नेपाली युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। मरने वाले का नाम डम्मर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लेडी हार्डिग अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मध्य जिला आलोक कुमार के मुताबिक, डम्मर की हत्या उसके नेपाल के रहने वाले साथियों ने ही की है। वारदात के बाद सभी मौके से फरार हो गए। पुलिस की एक टीम भारत-नेपाल की सीमा टनकपुर भेजी गई है। 25 वर्षीय डम्मर करोलबाग में होटल में काम करता था। मंगलवार को होटल बंद होने के बाद वह अपने गांव के रहने वाले पवन से मिलने 100 क्वार्टर गया था।
वहां उनके कुछ और साथी आ गए। सभी ने खाना-पीना किया। उसी दौरान पवन तथा डम्मर के बीच कहासुनी हो गई। जिसपर पवन ने दोस्तों के साथ मिलकर डम्मर की पिटाई कर दी। पवन ने किचेन में इस्तेमाल होने वाले चाकू से गले पर वार कर घायल कर दिया। घायल डम्मर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच से पता चला कि पवन व डम्मर के बीच गांव के किसी प्रॉपर्टी को लेकर झगड़ा चल रहा था। पवन का आरोप था कि डम्मर के परिजनों ने बिना उसकी अनुमति के उसकी जमीन पर घर बनवा लिया है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई थी।


Post a Comment