Header Ads

राजकुमार संतोषी की फिल्म से जल्द कमबैक करेगी इलू इलू गर्ल मनीषा कोइराला

मुंबई। बॉलीवुड की इलू इलू गर्ल मनीषा कोइराला राजकुमार संतोषी की फिल्म से कमबैक कर सकती है. 1991 में रिलीज सुभाष घई की फिल्म सौदागर से बॉलीवुड में एंट्री करने वाली मनीषा कोईराला न्यूयार्क से अपने गर्भाशय के कैंसर का इलाज कराकर मुंबई लौट आयी है. मनीषा इन दिनों कई फिल्मों की स्क्रिप्ट पढ़ने में व्यस्त हैं और वह बहुत जल्द इंडस्ट्री में वापसी कर सकती हैं. बताया जाता है कि मनीषा कोइराला राज कुमार संतोषी की किसी फिल्म से इंडस्ट्री में कमबैक कर सकती हैं. चर्चा है कि मनीषा और संतोषी के बीच 'जिस लाहौर नहीं देख्या वो जमिया ही नहीं' को लेकर बात चल रही है. मनीषा ने कहा कि राजकुमार जी और मैंने कुछ बैठकें की हैं. हालांकि मैं इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहती। बताया जाता है कि मनीषा को फिल्म की कहानी पसंद आई है और सब कुछ ठीक रहा तो वह जल्द ही फिल्म की शूटिंग शुरू कर देंगी।

नेपाली सुंदरता का अक्स है मनीषा कोईराला

मनीषा कोइराला का नाम हिंदी फिल्म जगत में एक ऎसी अभिनेत्री के रूप में लिया जाता है जिन्होंने अपनी दिलकश अदाओं से 90 के दशक में दर्शको के दिल में खास पहचान बनाई। नेपाल के काठमांडू में 16 अगस्त 1970 को जन्मी मनीषा कोइराला के दादा विशेश्वर प्रसाद कोइराला 1960 में नेपाल के प्रधानमंत्री बने थे। मनीषा कोईराला ने अपने सिने करियर की शुरूआत वर्ष 1989 में प्रदर्शित नेपाली फिल्म 'फेरी भेटुला' से की। इस फिल्म में मनीषा ने छोटी सी भूमिका निभाई थी। वर्ष 1991 में प्रदर्शित फिल्म सौदागर से मनीषा कोइराला ने बतौर अभिनेत्री बॉलीवुड में पर्दापण किया। सुभाष घई निर्मित-निर्देशित सौदागर में मनीषा के अपोजिट विवेक मुश्रान थे जो उनकी भी पहली फिल्म थी। इस फिल्म में मनीषा और विवेक पर इलू इलू गीत फिल्माया गया था। फिल्म का यह गीत श्रोताओं के बीच काफी लोकप्रिय हुआ था। फिल्म और गीत की सफलता के बाद मनीषा इंडस्ट्री में इलू इलू गर्ल के रूप में मशहूर हो गई।

वर्ष 1994 में मनीषा कोइराला को विदु विनोद चोपड़ा की फिल्म 1942 ए लव स्टोरी में काम करने का अवसर मिला। इस फिल्म में उनके अपोजिट अनिल कपूर थे। देशभक्ति की भावना से परिपूर्ण इस फिल्म में मनीषा कोइराला ने अपने दमदार अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस फिल्म के लिए वह सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार से नामांकित की गई। वर्ष 1995 में प्रदर्शित फिल्म बांबे मनीषा कोइराला के करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शुमार की जाती है। मणिरत्नम के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए मनीषा सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर क्रिटिक्स पुरस्कार से सम्मानित की गई। यह फिल्म तमिल में भी बनाई गयी थी जिसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्म फेयर पुरस्कार दिया गया।

वर्ष 1996 में प्रदर्शित फिल्म खामोशी मनीषा के करियर की एक और उल्लेखनीय फिल्म साबित हुई। संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी इस फिल्म के लिए मनीषा कोइराला को एक बार फिर से सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्म फेयर क्रिटिक्स पुरस्कार दिया गया। वर्ष 1998 में मनीषा कोईराला को एक बार फिर से मणिरत्नम के साथ दिल से में काम करने का अवसर मिला। इस फिल्म में मनीषा का किरदार ग्रे शेड्स लिए हुए थे। इस फिल्म के लिए वह सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार के लिए नामांकित की गई। मनीषा कोइराला ने अपने सिने करियर में बॉलीवुड के तमाम सुपरस्टार शाहरूख खान, आमिर खान, सलमान खान के साथ काम किया है। मनीषा कोइराला पिछले वर्ष न्यूयार्क से गर्भाशय कैंसर का इलाज कराकर मुंबई लौटी है। कैंसर के बाद मनीषा की जिंदगी कुछ समय के लिए बिल्कुल बदल गई थी, लेकिन वह जल्द बॉलीवुड में कमबैक करने जा रही है।

Powered by Blogger.