उत्तराखंड में तीन नए जिला सैनिक कल्याण अधिकारी किए गए नियुक्त
देहरादून : शासन ने सैनिक कल्याण महकमे में लंबे समय से रिक्त सैनिक कल्याण अधिकारी के तीन पदों पर नियुक्ति कर दी है। इससे विभिन्न जिलों में रिक्त चल रहे पदों को भरने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। हालांकि, अभी नए चयनित अधिकारियों की तैनाती नहीं की गई है। प्रदेश में लंबे समय से जिला सैनिक कल्याण अधिकारी के पद रिक्त चल रहे थे। नतीजतन पौड़ी, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर व निदेशालय में सैनिक कल्याण अधिकारी के पद रिक्त चल रहे हैं। इसके लिए छह मई को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित समिति ने इन पदों की नियुक्ति के लिए साक्षात्कार लिए गए। साक्षात्कार में 20 अभ्यर्थियों ने शिरकत की। इनमें से समिति ने तीन का चयन कर लिया है। माना जा रहा है कि अब जल्द ही निदेशालय में फेरबदल भी हो सकता है। सचिव सैनिक कल्याण आनंद वर्द्धन ने बताया कि इन नियुक्तियों के होने से पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभ मिलेगा।


Post a Comment