15 नवंबर 2006 : 1/11 गोरखा राईफल्स के शहीद राइफलमैन रोशन राई का 20वां बलिदान दिवस
शहीद राइफलमैन रोशन राई : 22 साल की उम्र में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान, 20 साल बाद भी अमर है गोरखा वीर की गाथा
दीपक राई
वीर गोरखा न्यूज़ नेटवर्क
15 नवंबर 2006 का वो दिन... कुपवाड़ा के गुलगाम के घने जंगल में अंधेरा था, गोलियों की गूंज थी और सामने था दुश्मन। उसी अंधेरे में 1/11 गोरखा राइफल्स (Bravest of the Brave) के राइफलमैन रोशन राई ने आतंकियों से आमने-सामने की लड़ाई में अपना सर्वोच्च बलिदान दे दिया। महज 5 गज की दूरी पर आतंकी से भिड़े रोशन ने आखिरी सांस तक मोर्चा नहीं छोड़ा। देश ने एक और वीर सपूत खो दिया, लेकिन गोरखा रेजिमेंट को एक और अमर नायक मिल गया।उनके अदम्य साहस और बलिदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें मरणोपरांत सेना मेडल (मरणोपरांत) से सम्मानित किया।
कालिम्पोंग का बहादुर बेटा
राइफलमैन रोशन राई का जन्म 1984 में पश्चिम बंगाल के पहाड़ी शहर कालिम्पोंग में हुआ था। उनके पिता मणि राज राई भी भारतीय सेना में सेवा दे चुके थे। घर में ही देशभक्ति और अनुशासन के संस्कार मिले। पिता कहते थे - "रोशन बहुत ही आज्ञाकारी बच्चा था।" सिर्फ 22 साल की उम्र में रोशन ने वो कर दिखाया, जो बड़े-बड़े सूरमा नहीं कर पाते। 15 नवंबर 2006 को ऑपरेशन रक्षक के दौरान कुपवाड़ा, जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों से लड़ते हुए वे वीरगति को प्राप्त हुए।
उनके साथी राकेश ब्लोन ने उस रात का मंजर बयां करते हुए कहा था - "हम फायरिंग के बाद मोर्चा संभालने आगे बढ़ रहे थे। घुप्प अंधेरा था, अचानक जगह रोशनी से भर गई। हमने देखा, रोशन और आतंकी महज पांच गज की दूरी पर एक-दूसरे पर फायर कर रहे थे। बाद में दोनों मृत पाए गए।"
19 नवंबर 2006 को जब तिरंगे में लिपटा उनका पार्थिव शरीर कालिम्पोंग पहुंचा, तो पूरा शहर उमड़ पड़ा।सेना के बैंड ने जब 'लास्ट पोस्ट' बजाया, तो चिनेदाड़ा कब्रिस्तान के ऊपर ईस्ट मेन रोड पर 5,000 से ज्यादा लोग मौजूद थे। लोगों ने उनकी तस्वीर पर पुष्प, खादा (पारंपरिक स्कार्फ) और श्रद्धांजलि अर्पित की। बैंड ने 'ऑल्ड लैंग साइन' की धुन बजाई। पिता मणि राज राई और छोटे भाई ने सिर झुकाकर अपने वीर बेटे को सलाम किया। पूरा कालिम्पोंग नम आंखों से अपने लाडले को विदा कर रहा था।
आज भी जिंदा है यादें
आज, 15 नवंबर को उनकी 20वीं पुण्यतिथि पर देशभर में उन्हें याद किया जा रहा है। कालिम्पोंग में उनकी प्रतिमा आज भी युवाओं को प्रेरणा देती है। उस प्रतिमा पर लिखा है - "राइफलमैन रोशन राई, 11 गोरखा राइफल्स, जिन्होंने 15 नवंबर 2006 को गुलगाम फॉरेस्ट, कुपवाड़ा में राष्ट्र की रक्षा करते हुए प्राण न्योछावर किए।"
गोरखा रेजिमेंट का नारा है - "कायर हुनु भन्दा मर्नु राम्रो" यानी कायर होकर जीने से मरना बेहतर है। रोशन राय ने इस नारे को अपने खून से सच कर दिखाया।वीर गोरखा न्यूज़ नेटवर्क की ओर से शहीद राइफलमैन रोशन राई , सेना मेडल (मरणोपरांत) को शत-शत नमन। जय हिंद! जय गोरखा!
#RiflemanRoshanRai #SenaMedal #11GorkhaRifles #BravestOfTheBrave #Kupwara #Kalimpong #VeerGorkhaNews #ShaheedDiwas #OperationRakshak #JaiHind

Post a Comment