Header Ads

दो साल में GTA से पहाड़ का विकास संभव नहीं :राई

दार्जिलिंग. जनमुक्ति मोर्चा ने गोरखालैंड क्षेत्रीय प्रशासन के गठन के बाद कहा कि दो वर्ष के बाद पहाड़ की शक्ल वह बदल देगा। विकास आएगा और लोग तरक्की करेंगे। ऐसा कभी नहीं होगा और होगा तो इसका इंतजार क्रामाकपा जरूर करेगी। यह बातें क्रांतिकारी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष आरबी राई ने बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि शनिवार को विमल गुरुंग ने सद्भावना दिवस पर कहा था कि वह पहाड़ के विकास के लिए कटिबद्ध हैं। यह भी कहा था कि इसके लिए दो वर्ष के दौरान उन्हें दो वर्षो तक यहां के स्थानीय दलों का सहयोग चाहिए। ऐसी बात नहीं है कि स्थानीय दल पहाड़ और यहां के लोगों का विकास नहीं चाहते हैं। सभी चाहते हैं कि हिल्स का विकास हो और यहां के लोगों को रोजगार मिले, लेकिन झूठे आश्वासन नहीं दिये जाने चाहिए। गोजमुमो दो साल मांग रहा है और क्रामाकपा उन्हें 10 साल दे रहा है, लेकिन विकास के लिए कि राजनीति के लिए। उन्हें यहां का विकास करना है तो सभी उनका साथ देंगे और सभी लोग यह चाहते हैं। हालांकि विमल गुरुंग को गोरखाओं के पहचान के लिए भी प्रयास करना चाहिए।
इसी मुद्दे पर यहां के लोगों ने उन्हें वोट दिया था और इसी आस में उनके साथ कई वर्षो तक उनके साथ आंदोलन किया। यह स्थिति रही तो आने वाले दिनों हालत बुरी होगी और मोर्चा की हालत बदतर हो जाएगी। गोरखालैंड का गठन नहीं हुआ तो गोरखाओं को कभी पहचान नहीं मिलेगी। उनका विकास अलग राज्य से ही होगा और इसके लिए गोजमुमो को प्रयास करना चाहिए। इसमें पहाड़ की जनता उनका साथ देगी। गोरखाओं से विदेशी का दाग हटाने के लिए संकल्प लेना होगा और तभी सही मायने में यहां के लोगों का विकास हो पाएगा। उन्होंने बताया कि क्रामाकपा अलग राज्य के लिए आंदोलन शुरू करेगी और इस क्रम में 23 अगस्त से पहाड़ से सिलीगुड़ी तक जाने 25 को वापस आने का कार्यक्रम होगा।

No comments

Powered by Blogger.