देहरादून में बसेंगे बॉलीवुड के कद्दावर अभिनेता नसीरुद्दीन शाह
देहरादून : बॉलीवुड का एक और नायाब और बेहद कद्दावर अभिनय के स्तंभ नसीरुद्दीन शाह अब उत्तराखंड की राजधानी में अपना आशियाना बना रहा है। राजधानी में आने वाले सेलिब्रिटीज अकसर यह बात दोहराते रहते हैं। अपनी बेहतरीन कलाकारी से लोगों पर जादू चलाने वाले प्रख्यात अभिनेता नसीरुद्दीन शाह भी देहरादून में अपना आशियाना बनाने जा रहे हैं। इस संबंध में उनकी पत्नी रत्ना पाठक शाह आर्किटेक्ट और कंस्ट्रक्टर से बात कर चुकी हैं। रत्ना रविवार को दून में थीं। एक स्कूल के कार्यक्रम में भागीदारी के बाद वह माजरा निवासी कंस्ट्रक्टर शकील अहमद के घर पहुंची। काफी देर यहां रुकने के बाद रत्ना लौट गईं।
इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात नहीं की, लेकिन अगली बार आने पर मुलाकात का वादा किया। बाद में शकील ने बताया कि नसीर और रत्ना उनके पारिवारिक मित्र हैं। विकासनगर में काफी समय पहले उन्होंने प्लॉट लिया था। वे यहां मकान बनाना चाहते हैं, लेकिन व्यस्तता की वजह से काम शुरू नहीं करा पा रहे हैं। शकील ने बताया कि रविवार को रत्ना ने निर्माण के संबंध में चर्चा की और आर्किटेक्ट से भी मिलीं। बताया कि यह शुरुआती बातचीत है। जल्द ही सब फाइनल होने की उम्मीद है। बताया कि रत्ना और नसीर मुंबई की जिंदगी से अधिक दून की शांत फिजाओं को पसंद करते हैं।


Post a Comment