इंडियन सुपर लीग ने भारत में फुटबॉल की लोकप्रियता बढ़ाई है : सुनील छेत्री
हैदराबाद। भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री ने कहा है कि इंडियन सुपर लीग के आने से देश में इस खेल की लोकप्रियता बढ़ी है और अब स्तरीय मैचों के आयोजन और अच्छी मीडिया कवरेज से इसमें इजाफा करना है। छेत्री ने कहा कि आईएसएल के आने के बाद से देश में खेल की लोकप्रियता बढ़ी है। लोगों की रुचि में इजाफा हुआ है। दर्शक मैदान पर अधिक तादाद में आ रहे हैं और कॉरपोरेट समूहों, मीडिया की भी दिलचस्पी बढ़ी है। हमें इसे बरकरार रखना होगा, यह पहला कदम है और अभी बहुत कुछ करना है।
भारत के लिए 50 गोल कर चुके छेत्री ने कहा कि अभ्यास सुविधाओं और खेल के स्तर को बेहतर बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा, हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि अभ्यास की उचित सुविधाएं मिले, ताकि खेल का स्तर बेहतर हो। खेल का स्तर बेहतर होगा, तो दर्शक बढ़ेंगे। भारतीय फुटबॉल बदलाव के दौर से गुजर रहा है। हमारे पास युवा खिलाड़ी और नया कोच है। नतीजे देने में समय लगेगा, लेकिन सिर्फ राष्ट्रीय टीम के बेहतर प्रदर्शन से फर्क नहीं पड़ेगा। लीग व्यवस्था बेहतर बनानी होगी। छेत्री ने कहा, जहां तक मेरा सवाल है, तो मैं बतौर खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करना चाहता हूं। मुझे यकीन है कि बाकी सब इससे ठीक हो जाएगा।


Post a Comment