एशियाई रैंकिंग: नंबर एक शूटर बने गगन नारंग, जीतू राई दूसरे नंबर पर
नई दिल्ली। ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग 50 मीटर राइफल प्रोन वर्ग की एशियाई रैंकिंग में नंबर एक निशानेबाज बन गए हैं जबकि देश को निशानेबाजी में सबसे पहले ओलंपिक कोटा दिलवाने वाले जीतू राई दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। 32 वर्षीय नारंग के 50 मी. राइफल वर्ग में 971 अंक हैं और वह इस वर्ग में नंबर एक एशियाई निशोनबाज बन गए हैं। पिस्टल निशानेबाज भारत के जीतू राई 50 मी. पिस्टल वर्ग में 1929 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर हैं जबकि कोरिया के जोगोह जिन इस वर्ग में शीर्ष खिलाड़ी हैं। बीजिंग ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा 10 मी. एयर राइफल वर्ग में 10वें स्थान पर हैं जबकि इसी वर्ग में नारंग सातवें स्थान पर हैं। भारत के गुरप्रीत सिंह 25 मी. रैपिड फायर पिस्टल वर्ग में पांचवें स्थान पर हैं।
अमेरिका के फोर्ट बेनिग में मई में हुए आईएसएसएफ विश्वकप में 50 मी. राइफल प्रोन में कांस्य पदक जीतकर नारंग ने अगले वर्ष ब्राजील में होने वाले रियो ओलंपिक के लिए कोटा हासिल कर लिया था। इसके अलावा जीतू ने गत वर्ष विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर देश को ओलंपिक कोटा दिलाया था। लंदन ओलंपिक 2012 में कांस्य पदक जीतने वाले नारंग सत्र के शुरुआत से ही चोटों से जूझ रहे थे जिसके कारण उन्हें शुरुआती तीन विश्वकप में भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ ने 10 मी. एयर राइफल वर्ग में दल का हिस्सा नहीं बनाया था। लेकिन नारंग ने फॉर्म में वापसी करते हुए विश्वकप के फाइनल राउंड में पहुंचकर देश के लिए तीसरा ओलंपिक कोटा पक्का किया था।


Post a Comment