21 जवानों की शहादत के बदले हमने 80 दुश्मन मारे : मनोहर परिकर
बरेली । रक्षामंत्री मनोहर परिकर ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद सीज फायर का उल्लंघन करने के बदले पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया गया है। भारतीय सेना ने 21 जवानों को शहादत का बदला 80 दुश्मनों को मारकर लिया है। आगे भी दुश्मनों को सबक सिखाने के लिए मजबूत रणनीति बनाई गई है। रक्षामंत्री मंगलवार को बरेली में थे। सुरक्षा के नाम पर कैंट के कुछ रास्तों को बंद करने के संबंध में यहां उत्तर भारत मुख्यालय में सैन्य और छावनी परिषद के अफसरों की बैठक और निरीक्षण के बाद परिकर ने दोपहर शहर के भारत सेवा ट्रस्ट पर पत्रकारों से वार्ता की। सेना भर्ती में घुसपैठ की कोशिश के मामलों पर कहा, भर्ती रैली में कोई आ गया तो उसे घुसपैठ नहीं माना जा सकता। किसी भी घुसपैठिए की भर्ती नहीं हो पा रही है। भर्ती के मामले में सेना पूरी तरह से चौकस है। चीन से संबंधों के सवाल को उन्होंने संवेदनशील बताकर कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया। रक्षामंत्री ने बताया कि सेना के कौशल विकास पर काम हो रहा है। इसके साथ ही थल सेना, वायु सेना और जल सेना को अत्याधुनिक अस्त्रशस्त्रों से लैस किया जा रहा है।


Post a Comment