Header Ads

हरियाणा की मंत्री कविता जैन बोली, भारत और नेपाल की संस्कृति खाती है आपस में मेल


करनाल : महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन ने कहा कि भारत और नेपाल दो ऐसे देश हैं, जिन्हें आपस में सभ्यता और संस्कृति सांझा करने की बहुत ज्यादा आवश्यकता नही है। क्योंकि दोनों देशों की संस्कृति और रीति-रिवाज एक दूसरे से बहुत मेल खाते हैं। वे रविवार को स्थानीय पुरानी सब्जी मंडी में नेपाली संस्कृति परिषद द्वारा आयोजित भारत नेपाल सांस्कृतिक कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रही थीं। इससे पहले मंत्री कविता जैन ने दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम शुरुआत की। 

उन्होंने नेपाली संस्था को अढ़ाई लाख रुपये देने की घोषणा भी की। मंत्री ने कहा कि दो पड़ोसी देशों के आर्थिक और औद्योगिक विकास की दृष्टि से हमेशा ही यह जरूरत रही है कि वे एक-दूसरे की संस्कृति और सभ्यता को आपस में सांझा करें लेकिन नेपाल की संस्कृति हमारे देश की संस्कृति से अलग नही है। जिसके चलते नेपाल के लोग हमारे खानपान, रहन-सहन, रीति-रिवाज और भाषा को समझते हुए भारत के विभिन्न प्रांतों में रहते हुए देश को आगे बढ़ाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे है। उन्होंने कहा कि नेपाली समाज के लोग हिन्दुओं की भांति पूजा-अर्चना में अपनी निष्ठा रखते है और हिन्दु संस्कृति का निर्वाह करते हुए शांति प्रिय जीवन जीने में विश्वास रखते हैं।

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के वक्तव्य की सराहना
मंत्री ने कहा कि नेपाली समाज के लोग देश की रक्षा में भी सहयोग की भूमिका निभा रहे हैं, भारतीय सेना में गौरखा रेजिमेंट इसी का जीता जागता उदारहण है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार के वक्तव्य की सराहना करते हुए कहा कि नेपाली समाज को अपनी संस्कृति और सभ्यता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहते हुए अहिंसा, भ्रष्टाचार, आतंकवाद, प्रदूषण, धर्मान्तरण जैसी जटिल समस्याओं से लड़ते हुए भारत और नेपाल के संबंधों को मजबूती प्रदान करनी चाहिए। इससे पूर्व राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार ने दूरभाष पर नेपाली समाज को कार्यक्रम की बधाई देते हुए देश में मौजूद उपरोक्त सभी समस्याओं के प्रति गंभीरता दिखाते हुए नेपाली समाज से भारत और नेपाल की सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखने के लिए अपील की, जिसे माईक सिस्टम के माध्यम से कार्यक्रम में मौजूद सभी नेपालियों को सुनाया गया।

भारत और नेपाल दोनों देश छोटे और बड़े भाई की तरह : कथूरिया
इस मौके पर शुगरफैड के चेयरमैन चंद्र प्रकाश कथूरिया ने कहा कि भारत और नेपाल दोनों देश छोटे और बड़े भाई की तरह है जिन्हें आर्थिक और औद्योगिक विकास की दृष्टि से आपसी सहयोग की आवश्यकता है। इस मौके पर उपस्थित करनाल नगर निगम की मेयर रेनू बाला गुप्ता ने सभी नेपाली समाज के लोगों को कार्यक्रम की बधाई देते हुए कहा कि भारत और नेपाल के लोगों के रीति-रिवाज परस्पर मिलते जुलते है यहीं कारण है कि नेपाल के लोग हमारे साथ मिल-जुलकर तीज त्यौहार मनाते हैं। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जगमोहन आनंद, प्रदेश महामंत्री वेदपाल ने भी अपने विचार रखते हुए भारत और नेपाल के रिश्तों को मजबूती प्रदान करने पर बल दिया। कार्यक्रम में डा. गोपाल कृष्ण ने भी अपने विचार रखते हुए नेपाल और भारत की संस्कृति को आगे बढ़ाने बारे प्रोत्साहित किया।

प्रस्तुत किए गए संस्कृति और देश भक्ति पर आधारित कार्यक्रम
इस मौके पर नेपाली समाज के बच्चों द्वारा संस्कृति और देश भक्ति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। नेपाली समाज द्वारा आए हुए सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर नेपाली संस्कृति परिषद के अध्यक्ष अशोक चौरसिया, विष्णु बराल, तुलसी ढकाल, अर्जुन खनाल, प्रकाश भुसाल, राम प्रसाद, तिलक भुसाल, प्रकाश पोखरेल, विनोद पोखरेल व रामू भुसाल मौजूद रहे।


Powered by Blogger.