कर्सियांग में चाय उद्योग पर मंथन, पीयूष गोयल ने दार्जिलिंग चाय की गरिमा बहाल करने का दिया भरोसा
कर्सियांग : भारतीय चाय बोर्ड द्वारा चाय उद्योग के हितधारकों के साथ एक संवादात्मक सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र की अध्यक्षता केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने की। इसमें दार्जिलिंग से सांसद राजू बिष्ट भी उपस्थित रहे। सत्र में उत्तर बंगाल क्षेत्र के चाय उद्योग की चुनौतियों, अवसरों और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों और प्राथमिकताओं के कारण क्षेत्र के चाय उद्योग को भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के सशक्त शासन के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकारें चाय बागानों, चाय श्रमिकों, चाय उत्पादकों के हित में ठोस कदम उठा रही हैं और उन हजारों परिवारों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित कर रही हैं, जिनकी आजीविका चाय उद्योग पर निर्भर है। सत्र के दौरान हितधारकों ने चाय उद्योग से जुड़े अपने सुझाव, आकांक्षाएं और उद्योग को बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण मुद्दे केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे। मंत्री ने हितधारकों को आश्वासन दिया कि सरकार उनके सुझावों पर काम करेगी और चाय उद्योग को पुनर्जीवित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगी।
विशेष रूप से पहाड़ी चाय बागानों को आश्वासन देते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार दार्जिलिंग चाय को एक प्रमुख उत्पाद के रूप में उसकी गरिमा बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है। सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि हमारे लिए चाय केवल एक उत्पाद नहीं है, यह हमारी पहचान और पहाड़, तराई व डूअर्स के हजारों परिवारों की आजीविका से जुड़ी है। इसलिए इसके भविष्य को सुरक्षित करना सामूहिक प्राथमिकता बनी रहनी चाहिए।
उन्होंने हितधारकों के साथ सकारात्मक संवाद और चाय उद्योग की जमीनी हकीकत को समझने में गहरी रुचि दिखाने के लिए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की रचनात्मक बातचीत सार्थक नीतिगत हस्तक्षेप और उद्योग के लिए टिकाऊ मार्ग तैयार करने में महत्वपूर्ण है।

Post a Comment