पहाड़ में माकपा शुरू करेगा गांव चलो अभियान
दार्जिलिंग। विधानसभा चुनाव में पहाड़ में करारी शिकस्त खाने के बाद माकपा ने पार्टी को मजबूत करने के लिए रणनीति तैयार की है। इसके तहत वह विभिन्न गांवों का दौरा करेगी और कार्यकर्ताओं की समस्याओं से रूबरू होगी। यह एक अभियान सरीखा होगा और इस दौरान संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। यह जानकारी वरिष्ठ माकपा नेता केवी वातर ने बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि संगठन को मजबूत करने के लिए शाखा-प्रशाखा क्षेत्र में प्रचार व प्रसार के लिहाज से गति दी जाएगी। इस माह से नवंबर तक सभी शाखा-प्रशाखा का दौरा किया जाएगा और इसकी सूची तैयार कर ली है। हालांकि नवंबर के बाद दिसंबर में कई स्थानों पर बैठकें भी होंगी। उन्होंने बताया कि नौ नवंबर से पांच दिसंबर तक स्थानीय कमेटी की सभा व बैठकें होंगी।इसी तरह 24 नवंबर से पांच दिसंबर तक दार्जिलिंग व विजनबाड़ी जोनल कमेटी की बैठक होगी। इस दौरान एक दिसंबर को दार्जिलिंग, विजनबाड़ी जोनल कमेटी की ओर से विराट सम्मेलन किया जाएगा। इसमें पहाड़ के विभिन्न स्थानों के पदाधिकारी व वार्ड स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। उन्होंने स्वीकार किया कि विधानसभा चुनाव में हार के पीछे के कई कारण हैं। इसको जानने और लोगों की समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से यह आयोजन विभिन्न क्षेत्रों में किये जा रहे हैं। उन्होंने अपने ही पार्टी के कार्यकर्ताओं पर यह भी आरोप लगाया कि सरकार के दौरान संगठन के कार्यकर्ता लोगों के नहीं बल्कि मंत्रियों की खिदमत में लगे रहते थे और यह एक बहुत बड़ा हार का कारण बना। आम लोगों को दरकिनार करके कोई संगठन नहीं चल सकता है। हालांकि लोगों से मिलकर उनके गिले-शिकवे दूर किये जाएंगे और हर समस्या का हल निकालने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

Post a Comment