केजरीवाल का सरकार बनाने का दावा, 26 दिसंबर को शपथ ग्रहण
नई दिल्ली : विधानसभा चुनाव नतीजे आने के करीब 15 दिन बाद आखिरकार दिल्ली में सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है। अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। केजरीवाल सरकार के मुखिया होंगे और शपथ ग्रहण समारोह 26 दिसंबर को रामलीला मैदान में हो सकता है। उपराज्यपाल राष्ट्रपति की इजाजत के बाद शपथ की तारीख तय करेंगे। उपराज्यपाल ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए रामलीला मैदान का सुझाव दिया है।
इससे पहले केजरीवाल और आप के अन्य बड़े नेताओं ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में एलान किया कि वह दिल्ली में सरकार बनाएंगे। प्रेस कांफ्रेंस से पहले कौशांबी स्थित अरविंद केजरीवाल के घर पर 'आप' के बड़े नेताओं की बैठक हुई जिसमें दिल्ली में सरकार बनाने का फैसला लिया गया।
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'आप चंद लोगों की पार्टी नहीं सबकी पार्टी है।
एक हफ्ते में हमने वेबसाइट, एसएमएस और जनसभाओं के जरिये जनता से राय मांगी। नतीजे आए कि आप को सरकार बनानी चाहिए। आप दिल्ली में सरकार बनाएगी।'
आप नेता मनीष सिसौदिया ने बताया कि पिछले हफ्ते हुए जनमत संग्रह के दौरान 6 लाख 97 हजार 370 लोगों की राय मिली। 74 फीसदी लोगों ने इंटरनेट के जरिये सरकार बनाने के पक्ष में अपनी राय दी। 5 लाख 23 हजार 183 लोगों ने एसएमएस भेजे। आप ने दिल्ली में 280 सभाएं की। 257 सभाओं में लोगों ने सरकार बनाने का समर्थन किया जबकि 23 सभाओं में लोग सरकार नहीं बनाने में पक्ष में थे। यह देश में राजनीति बदलने की ऐतिहासिक शुरुआत है।
सीएम बनने के सवाल पर मनीष ने कहा, 'आप ने पहले अरविंद को सीएम बनाया था, इसके बाद घोषणापत्र में भी उनके लिए सहमति जताई थी। इस बीच अफवाह उड़ी कि किसी और को सीएम बनाया जाएगा लेकिन हम यह साफ करते हैं कि अरविंद ही सीएम होंगे।'


Post a Comment