Header Ads

दिल्ली में मणिपुर की नाबालिग लड़की से रेप, भड़के लोगों ने किया प्रदर्शन

नई दिल्‍ली : नीडो की हत्या का मामला ठंड़ा पड़ा नहीं था कि दिल्ली में एक और शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। मुनिरका में मणिपुर की रहने वाली 14 साल की नाबालिग लड़की से रेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने रेप का आरोप लगाने वाली लड़की का मेडिकल कराया, जिसमें रेप की पुष्टि हुई है। रेप का आरोप मकान मालिक के बेटे पर लगा है। पुलिस ने केस दर्ज कर विक्की नाम के आरोपी के खिलाफ प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंस (पोस्को) एक्ट के तहत एफाईआर दर्ज की है। घटना से गुस्साए लोगों ने वसंत विहार थाने के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। जेएनयू के छात्रों और छात्र प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रोड बलॉक कर दिया। प्रदर्शनकारी थाने में घुसने की कोशिश कर रहे थे लेकिन पुलिस ने गेट बंद कर उन्हें रोक लिया। 

इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई। पुलिस अधिकारी ने बताया, 'घटना शुक्रवार रात को करीब 10:30 बजे हुई। विक्की नाम के आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। जब लड़की घर का कुछ सामान लेने के लिए घर से बाहर निकली तो विक्की लड़की को जबरन पास के एक निजी अस्पताल में ले गया और वहां एक कमरे में उसका रेप किया।' लड़की को कुछ चोटें भी आई है। उसे मेडिकल जांच के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था। अभी लड़की का इसी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पीड़िता मूल रूप से मणिपुर की रहने वाली है और यहां अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहती है। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि अभी भी राजधानी में रेप की घटनाएं कम नहीं हो रही है। 

Powered by Blogger.