मशहूर गीतकार-फिल्मकार गुलजार को मिला दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड
नई दिल्ली. मशहूर गीतकार और लेखक गुलजार को दादा साहेब फाल्के
अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। दादा साहेब फाल्के अवार्ड सिनेमा के
क्षेत्र में दिए जाना वाला सर्वोच्च पुरस्कार है। इस प्रतिष्ठित सम्मान के
लिए जितेंद्र के नाम की भी चर्चा थी, लेकिन उनके नाम को लेकर फिल्म
इंडस्ट्री में सहमति नहीं बन पाई थी। सलमान खान
के पिता और मशहूर लेखक सलीम खान ने देशभक्ति की कई फिल्में बनाने वाले
मनोज कुमार को यह पुरस्कार देने की वकालत की थी। लेकिन आखिरकार गुलजार को
फाल्के अवॉर्ड से नवाजे जाने की घोषणा की गई।
बीस फिल्म फेयर अवॉर्ड भी जीत चुके हैं गुलजार
79 वर्षीय गुलजार सर्वाधिक फिल्मफेयर पुरस्कार जीतकर रिकॉर्ड बना चुके
हैं। उन्होंने 20 बार यह पुरस्कार जीता है। गीतकार और संवाद लेखक के तौर
पर प्रतिष्ठा अर्जित करने वाले गुलजार ने कईं यादगार फिल्मों का निर्देशन
भी किया। बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म 1971 में आई। फिल्म का नाम था-
मेरे अपने। चर्चित फिल्म 'स्लमडॉग मिलेनियर' के गीत 'जय हो' भी गुलजार ने
लिखा था। इसके लिए एआर रहमान को ऑस्कर अवॉर्ड भी मिल चुका है।


Post a Comment