6 दिन में हिमालय की 3 चोटियों पर चढ़ीं अंशु जमसेंपा
ईटानगर : अरुणाचल प्रदेश की महिला पर्वतारोही अंशु जमसेंपा ने छह दिन में हिमालय की
तीन चोटियों पर चढ़ कर इतिहास रच दिया है। इससे पहले भी उन्होंने एवरेस्ट
अभियान का वर्ल्ड रेकॉर्ड बनाया था। 28 साल की अंशु दो बच्चों की
मां हैं। उन्होंने हिमालय की तीन चोटियां लोबुच (6119 मीटर), पोखालडे (5896
मीटर) और आइसलैंड (6189) पर छह दिन में यानी 13 मई से 18 मई के बीच चढ़ाई
की। अंशु बोमडिला इलाके के मोनपा कबीले से आती हैं। अंशु के
बेहतरीन प्रदर्शन के लिए नेपाल के संस्कृति, पर्यटन और नागरिक उड्यन
मंत्रालय ने सिंघा दरबार में 27 मई को उनका अभिनंदन किया।
उनके कई साथी पर्वतारोही, जो अंतरराष्ट्रीय तीन चोटियों पर चढ़ाई दल का हिस्सा थे, पहली चोटी पर चढ़ने के बाद बेस कैंप पर वापस लौट आए और अपने-अपने देश वापस चले गए, लेकिन अंशु बिना रुके तीन चोटियां चढ़ गईं। अंशु इससे पहले दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर दस दिन के अंतराल में दो बार चढ़ी थीं और ऐसा करने वाली वह दुनिया की पहली मां बनीं। अपने अभियान के दौरान वह चाओ ला (5330 मीटर), रेनो (5360) और कांगमा ला (5533 मीटर) की मुश्किल चढ़ाई से गुजरी थीं।


Post a Comment