'गांधी' बनाने वाले महान ब्रिटिश फिल्मकार रिचर्ड एटनबरो का निधन
लंदन। ऑस्कर से सम्मानित ब्रिटिश फिल्मकार रिचर्ड एटनबरो का 90 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। महात्मा गांधी की जीवनी पर बनाई अपनी फिल्म 'गांधी' को लेकर एटनबरो को खूब प्रसिद्धि मिली। इस फिल्म की जहां समीक्षकों ने काफी सराहना की थी, वहीं दर्शकों ने भी काफी पसंद किया था। अभिनेता के पुत्र माइकल एटनबरो ने बीबीसी को बताया कि कल दोपहर के भोजन के वक्त उनके पिता का निधन हो गया। उनकी तबियत कुछ समय से ठीक नहीं थी। लॉर्ड एटनबरो को उनकी फिल्म गांधी के लिए अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला था।
उनके छह दशक लंबे करियर में उनकी यह फिल्म सबसे ज्यादा चर्चित रही। एक सफल निर्देशक बनने से पहले उनकी गिनती ब्रिटेन के प्रमुख अभिनेताओं में होती थी। वे 'ब्राइटन रॉक', द्वितीय विश्वयुद्ध के कैदियों पर बनी थ्रिलर फिल्म 'द ग्रेट एस्केप' और बाद में काफी पसंद की गयी 'जुरासिक पार्क' जैसी फिल्मों का हिस्सा बने। उन्हें मिरेकल ऑन थर्टी फोर्थ स्ट्रीट की रिमेक में क्रिस क्रिंगल के किरदार के लिए भी जाना जाता है। लेकिन उनकी सबसे बड़ी कामयाबी उनकी फिल्म 'गांधी' रही। इस फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म सहित आठ ऑस्कर अपनी झोली में डाले।


Post a Comment