यूपी के सीएम ने किया जीतू राई को सम्मानित, दिया 1 करोड़ का चेक
लखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने सरकारी आवास पर एशियाड, राष्ट्रमंडल और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले गोरखा मूल के पिस्टल किंग जीतू राई को सम्मानित किया है।राष्ट्रमंडल व एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले दुनिया के पांचवे नंबर के निशानेबाज जीतू राई को मुख्यमंत्री ने एक करोड़ रुपए का चेक दिया। इसके अलावा कुल 497 खिलाड़ियों को पुरस्कार के रूप में सात करोड़ 55 लाख 80 हजार रुपए बांटे गए। डिसक्स थ्रोअर सीमा पुनिया को 80 लाख रुपए दिए गए। सीमा ने राष्ट्रमंडल खेलों में सिल्वर और एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था।
इसके अलावा विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वालों में हॉकी खिलाड़ी दानिश मुज्तबा, वेटलिफ्टर पूनम यादव, निशानेबाज मो. अशरफ को 15-15 लाख रुपए का चेक दिया गया। नरसिंह यादव, अनु रानी, प्रियंका पंवार, मोहम्मद आजाद, कपिल शर्मा, रवि कुमार, श्वेता चौधरी, वंदना कटियार, राजीव तोमर, स्वाति सिंह आदि खिलाड़ी भी सम्मानित हुए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार खिलाड़ियों को विशेष सम्मान और स्नेह देती है। इसी कारण सर्वाधिक खिलाड़ी समाजवादी पार्टी में ही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रशिक्षकों को भी उनके उत्कृष्ट कार्य पर सम्मानित किया जाएगा।


Post a Comment