वर्ल्ड बॉक्सिंग : नॉकआउट पंच लगाकर गोरखा बॉक्सर शिवा थापा अंतिम-8 में
दोहा। भारतीय मुक्केबाज शिवा थापा ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए नॉकआउट मुकाबला जीतकर विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इसके अलावा एशियन रजत पदक विजेता विकास कृष्णन भी अंतिम आठ में पहुंच गए हैं। शिवा (56 किग्रा भारवर्ग) ने अफ्रीकन चैंपियन मोरेक्को के मोहम्मद हैमूत को हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया। असम के मुक्केबाज शिवा थापा ने तीसरे एवं अंतिम राउंड के 26वें सेकंड में नॉकआउट कर दिया। उनका बाएं हाथ का जोरदार हुक प्रतिद्वंद्वी मुक्केबाज को लगा था और लगते ही वह रिंग पर गिर पड़ा। रेफरी ने आठ तक गिनती गिनी और फिर मेडिकल टीम उसे बाहर ले गई। पहले राउंड में शिव कड़ी टक्कर देने के बाद भी पिछड़ गए थ्ाे। दूसरे राउंड में भी कड़ा मुकाबला हुआ। तीसरे राउंड में शिव ने कमाल कर दिया। अब शिवा की टक्कर कतर के हाकेन इरेस्कर से होगी। विकास कृष्णन ने 75 किग्रा भारवर्ग में यूरोपियन रजत पदक विजेता और चौथी वरीय पोलैंड के पोले टोमास्ज जबलोंस्की को 2-1 से हराया। विकास की टक्कर अब क्वार्टर फाइनल में मिस्र के होसाम अबदीन से होगी।


Post a Comment