विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप: बॉक्सर शिवा थापा को कांस्य पदक
दोहा। एशियाई कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज शिवा थापा(56 किग्रा) को यहां विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में कड़े संघर्ष के बावजूद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा है। हालांकि थापा अभी भी ब्राजील के रियो में अगले वर्ष होने वाले ओलंपिक खेलों की होड़ में बने हुये हैं। थापा को रविवार यहां एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता उज्बेकिस्तान के मुरोजोन अख्मादालिएव से कड़े संघर्ष में 1-2 से शिकस्त झेलनी पड़ी। हालांकि इसके बावजूद भारतीय मुक्केबाज ओलंपिक में जगह बनाने के लिये होड़ में हैं क्योंकि सेमीफाइनल में हारने वाले खिलाड़ी 15 अक्टूबर को इस वर्ग के तीन स्थानों के लिये प्लेआफ में उतरेंगे।
असम के 20 वर्षीय खिलाड़ी थापा के सामने प्लेआफ में बेलारूस के जिमित्रि असानाऊ उतरेंगे जिन्हें एक अन्य सेमीफाइनल मुकाबले में तीसरी सीड आयरलैंड के माइकल कोनलान के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी थी। इससे पहले मैच में थापा ने काफी संघर्ष किया और पहले तथा दूसरे राउंड में बराबरी की टक्कर दी। लेकिन बाउट के आखिरी तीन मिनट में भारतीय मुक्केबाज बिल्कुल संघर्ष नहीं कर सके। यह थापा की अख्मादालिएव के खिलाफ लगातार दूसरी हार है। भारतीय मुक्केबाज को बैंकाक में हुये एशियाई चैंपियनशिप में भी उज्बेक खिलाड़ी को सेमीफाइनल में हराया था। थापा भारत के तीसरे मुक्केबाज हैं जिन्होंने विश्व चैंपियनशिप में पदक हासिल किया है। इससे पहले प्रोफेशनल मुक्केबाज बन चुके विजेन्दर भसह ने वर्ष 2009 में तथा विकास कृष्णन ने 2011 में विश्व मुक्केबाजी में पदक जीते थे।


Post a Comment