गोरखा सैन्य जवानों का यह 'खुकरी डांस', फेसबुक पर हुआ वीडियो वायरल
नई दिल्ली। भारतीय सेना की तीनों अंगों के जवान अपने अदम्य साहस और वीरता के लिए हर देशवासी के दिल में बसते हैं। इनमें से थल सेना की गोरखा रेजिमेंट का अपना गौरवशाली इतिहास है और इस रेजिमेंट के जवान दिलेर होने के साथ जोश से भरे होते हैं। गोरखा जवानों के अदम्य साहस के किस्से कई हैं लेकिन उनके भावुक और कला प्रेमी हृदय के बारे में लोग कम ही जानते हैं। इन जवानों का एक पसंदीदा काम संगीत सुनना भी है। गोरखा रेजिमेंट के जवानों में खुकरी डांस खासा मशहूर है और यह इस रेजिमेंट की पहचान भी होता है। अब तक शायद बहुत कम लोगों ने इस रेजिमेंट के जवानों को देखा होगा साथ ही उनके मशहूर खुकरी नृत्य को देख पाए होंगे। लेकिन पिछले दिनों खुकरी नृत्य का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है जिसे काफी पसंद किया जा रहा है। इस वीडियो में एक जवान अपने साथियों के बीच खुकरी नृत्य करता नजर आ रहा है। यह वीडियो पिछले साल के 26 जनवरी की परेड की तैयारियों से जुड़ा है. सुबह की रिर्हसल के बाद सारे जवान थोड़े से मनोरंजन के लिए जमा हैं। उनके सामने एक गोरखा जवान है जो बड़ी शालीनता के साथ नेपाली गाने पर खुकरी डांस कर रहा है।


Post a Comment