10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में जीतू राई ने किया निराश, फाइनल में 8वें स्थान पर रहे
रियो डि जेनेरो। निशानेबाजी की 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में भारत के लिए पदक की उम्मीद माने जा रहे जीतू राई ने निराश किया. 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में भारतीय सेना के दो शूटर जीतू और गुरप्रीत उतरे थे. इसमें से गुरप्रीत को प्रारंभिक राउंड में ही बाहर हो गए लेकिन जीतू ने अंतिम क्षणों में जबर्दस्त निशाने साधते हुए फाइनल में स्थान बनाया था. जीतू के फाइनल में पहुंचने के बाद यह उम्मीद बंधी थी कि वे भारत के लिए कोई न कोई पदक जरूर जीतने में सफल रहेंगे. लेकिन जीतू आठवें यानी अंतिम स्थान पर रहे. ओलिंपिक में जीतू को अभी 50 मीटर पिस्टल इवेंट में भाग लेना है. फाइनल में बाहर होने वाले जीतू पहले खिलाड़ी रहे.गौरतलब है कि आईएसएसएफ वर्ल्ड कप, 2014 में 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में गोल्ड मेडल और 50 मीटर में सिल्वर जीतने वाले जीतू कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में गोल्ड जीत चुके हैं. वह 10 मीटर पिस्टल में वर्ल्ड में नंबर वन भी रह चुके हैं लेकिन ओलिंपिक जैसे बड़े टूर्नामेंट का दबाव शायद वे नहीं झेल पाए. भारतीय निशानेबाजों में जीतू ने ही सबसे पहले रियो ओलिंपिक का कोटा हासिल किया था.


Post a Comment