Rio Olympic: बॉक्सर शिवा थापा पहले ही दौर में हारकर हुए बाहर, पदक की थी उम्मीद
रियो डि जेनेरो। भारतीय बॉक्सर शिव थापा (56 किग्रा) को अपने पहले दौर के मुकाबले में चौथे वरीय क्यूबा के रोबेसी रॉमिरेज के खिलाफ शिकस्त मिली। इस हार के साथ ही वे रियो ओलंपिक से बाहर हो गए। शिव भारत के लिए पदक की बड़ी उम्मीद थे पर वे अपने विरोधी का आगे नहीं टिक सके। शिव दूसरे ओलंपिक में हिस्सा ले रहे हैं पर 22 साल के इस खिलाड़ी को 0-3 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। दोनों मुक्केबाजों का पहले भी आमना सामना हो चुका था। उस मैच में भी शिव पर रमीरेज भारी पड़े थे। दोनों यूथ विश्व चैम्पियनशिप और यूथ ओलंपिक 2010 के फाइनल में एक दूसरे से भिड़ चुके हैं।
रमीरेज ने शानदार फुटवर्क दिखाया और शिव के डिफेंस को भेदने में कामयाब रहे। दूसरे राउंड में भी विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता शिव को रॉमिरेज के खिलाफ जूझना पड़ा जिन्हें दर्शकों का भी पूरा समर्थन मिल रहा था। शिव को चार साल पहले ओलंपिक में पदार्पण के दौरान भी पहले दौर में ही हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय उम्मीदों का भार अब विकास कृष्ण (75 किग्रा) और मनोज कुमार (64 किग्रा) पर है जो दोनों प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना चुके हैं।


Post a Comment