संविधान संशोधन के लिए नेपाल में मधेसी 5 फरवरी से दक्षिणी तराई क्षेत्र में फिर करेंगे आंदोलन
काठमांडू : नेपाल में मधेसियों ने एक बार फिर ऐलान किया कि वे नए संविधान में संशोधन के जरिए अपनी मांगें मनवाने के लिए पांच फरवरी से नेपाल के दक्षिणी तराई क्षेत्र में नए सिरे से आंदोलन करेंगे. सात मधेसी पार्टियों के गठबंधन संयुक्त लोकतांत्रिक मधेशी मोर्चा (जेडीएमएफ) ने पांच फरवरी को तराई जिले के मुख्यालय पर विशाल प्रदर्शन का फैसला किया है. इनकी मांग है कि तीन अगस्त को जिन तीन बिंदुओं पर समझौता हुआ था, उन्हें लागू किया जाए. तीन अगस्त को ही प्रचंड ने प्रधानमंत्री का पद संभाला था. समझौते के तहत मोर्चे ने सीपीएन माओवादी सेंटर और नेपाली कांग्रेस के गठजोड़ को प्रचंड को प्रधानमंत्री चुनने के लिए समर्थन दिया था. इसके बदले प्रचंड ने संविधान में संशोधन के जरिए मोर्चे की मांगों को मानने का भरोसा दिया था. मधेसियों की मुख्य मांग प्रांतीय सीमा के पुन: निर्धारण और नागरिकता के मुद्दे को सुलझाने की है.


Post a Comment