आईलीग : स्टार स्ट्राइकर सुनील छेत्री के बेहतरीन गोल की बदौलत बेंगलुरु FC ने आईजोल को 1-0 से हराया
बेंगलुरू : गोरखा स्टार स्ट्राइकर सुनील छेत्री के इंजरी समय में किए गए बेहतरीन गोल की बदौलत गत चैंपियन जेएसडब्ल्यू बेंगलुरू एफसी ने अपने घरेलू दर्शकों के बीच यहां आईजोल एफसी को 1-0 से हराकर आईलीग फुटबाल चैंपियनशिप में रोमांचक जीत दर्ज की। श्रीकांतीरवा स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में जीत के बाद बेंगलुरू के 15 मैचों से 21 अंक हो गए हैं जबकि हार के बावजूद आईजोल के 15 मैचों से 30 अंक हैं लेकिन इस हार से आईजोल की खिताबी उम्मीदों को झटका लगा है। पहले हाफ में बेंगलुरू ने तेज खेल दिखाया लेकिन गोल करने के कई मौके गंवाने से उसे बढ़त नहीं मिल पाई। आईजोल ने भी बेंगलुरु को जोरदार टक्कर दी। पहले हाफ की समाप्ति पर दोनों ही टीमों को बढ़त नहीं मिल पाई। दूसरे हाफ में भी दोनों टीमों के बीच गोल के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला लेकिन कोई भी टीम बढ़त नहीं बना पाई। निर्धारित 90 मिनट के बाद इंजरी समय में छेत्री ने बेहतरीन गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। छेत्री का यह गोल निर्णायक रहा और बेंगलुरु ने इसी बढ़त के साथ एजल पर जीत दर्ज की।


Post a Comment