देहरादून में 30 अक्टूबर से 3 दिवसीय गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव एवं राजकीय मेला 2026 में होगा अद्भुत संगम
वीर गोरखा न्यूज नेटवर्क
देहरादून। वीर गोरखा कल्याण समिति द्वारा आयोजित दसवें गोरखा दशैं-दीपावली महोत्सव एवं राजकीय मेला 2026 का भव्य शुभारंभ इस वर्ष भी धूमधाम से होने जा रहा है। गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव में भारतीय और नेपाली सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।
आज उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के अध्यक्ष कमल थापा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष के मेले में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, विधायक विनोद चमोली, महापौर सौरभ थपलियाल और नेपाल के कार्यवाहक राजदूत डॉ. सुरेन्द्र थापा विशेष रूप से शिरकत करेंगे। इसके साथ ही पद्मश्री सम्मान से अलंकृत अतिथियों को भी समिति द्वारा विशेष सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि समिति का मुख्य उद्देश्य आपसी सद्भाव को बढ़ावा देना और गोरखा समुदाय की पारंपरिक संस्कृति को संरक्षित रखना है। इस महोत्सव में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
मेले के मुख्य आकर्षण -
इस बार के मेले में मयूर नृत्य और प्रसिद्ध कलाकार आकाश थापा की मनमोहक प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। इसके अलावा गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी लोक संस्कृति के साथ-साथ नेपाल के प्रसिद्ध लोकनृत्य और संगीत की शानदार प्रस्तुतियां होंगी। मेले में खान-पान के शौकीनों के लिए नेपाली सेल रोटी, गोरखाली चटनी, फिनी, चुकानी, गुंदरुक के साथ-साथ उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। वहीं उत्तराखंड और नेपाल की पारंपरिक वेशभूषा से भी लोग रूबरू हो सकेंगे।
पत्रकार वार्ता में संरक्षक ई. मेग बहादुर थापा, मेजर बी पी थापा, मेजर अमर राई, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उर्मिला तमांग, उपाध्यक्ष सूर्य बिक्रम शाही, महासचिव विशाल थापा, कोषाध्यक्ष/मीडिया प्रभारी टेकु थापा, सचिव देविन शाही सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Post a Comment