Header Ads

अरुणाचल प्रदेश : कैबिनेट मंत्री ओजिंग तासिंग के आवास पर देउसी-भैलो की धूम, गोरखा भाई-बहनों का हुआ भव्य स्वागत

वीर गोरखा न्यूज नेटवर्क 
ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओजिंग तासिंग ने मंगलवार शाम अपने लिलेंग स्थित आवास पर गोरखा भाई-बहनों के लिए भव्य देउसी-भैलो कार्यक्रम का आयोजन किया। तिहार पर्व की खुशियों के बीच पारंपरिक गीत-संगीत, नृत्य और आशीर्वाद से पूरा माहौल भक्तिमय और उत्सवमय हो गया।

मंत्री तासिंग ने कहा कि देउसी-भैलो केवल एक पर्व नहीं, बल्कि गोरखा समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक है। इस परंपरा के माध्यम से समृद्धि, खुशहाली और सौभाग्य की कामना की जाती है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव आपसी भाईचारा, सांप्रदायिक सद्भाव, सांस्कृतिक गौरव और एकता की भावना को और मजबूत करता है।

कार्यक्रम में गोरखा समुदाय के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में देउसी-भैलो गीत गाए और नृत्य प्रस्तुत किया। मंत्री ने सभी को तिहार की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिहार का प्रकाश सभी के जीवन में शांति, समृद्धि लाए और विविध समुदायों को प्रेम व एकता के बंधन में बांधे रखे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गोरखा समुदाय के लोग, स्थानीय नागरिक और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

No comments

Powered by Blogger.