Header Ads

देहरादून : 5/3 गोरखा राईफल्स के लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा लेह में सेवा के दौरान हुए शहीद

दीपक राई 
वीर गोरखा न्यूज नेटवर्क 
देहरादून/लेह: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के नागनाथ क्षेत्र के निवासी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा देश की सेवा करते हुए लेह में बीते 9 नवंबर को शाम में सवा सात बजे शहीद हो गए। उनके शहीद होने की खबर से पूरे गोरखा समाज सहित उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारतीय सेना की 3 गोरखा राइफल्स की 5वीं बटालियन (5/3 GR) के अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा वर्तमान में लेह स्थित स्पेशल फोर्स की यूनिफार्म यूनिट में AAG के पद पर सेवारत थे। सेवा के दौरान उन्होंने देश के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।

वर्ष 1984 में जन्मे लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा ने कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS) परीक्षा के माध्यम से 9 दिसंबर 2006 को 5/3 गोरखा राइफल्स में कमीशन प्राप्त किया था। वे एक अत्यंत कुशल और निडर अधिकारी के रूप में जाने जाते थे।

लेफ्टिनेंट कर्नल थापा एक सैन्य परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनकी माता श्रीमती कमला थापा और उनके पिता श्री निर्मल थापा भारतीय सेना से हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। शहीद कर्नल थापा के परिवार में उनकी एकमात्र 9 वर्षीय बेटी है। एक सैनिक पिता के बेटे ने आज पिता की वर्दी का मान बढ़ाते हुए मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

वीर गोरखा न्यूज नेटवर्क भारत माता की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीद लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा को शत-शत नमन करता है और ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता है।

जय हिंद, जय गोरखा!

No comments

Powered by Blogger.