2 दिन में श्रीनिवासन छोड़ें BCCI अध्यक्ष की कुर्सी, सुप्रीम कोर्ट ने कहा
नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग मामले की सुनवाई करते हुए कहा है कि बीसीसीआई अध्यक्ष एन श्रीनिवासन को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। उनके इस्तीफे के बिना मामले की निष्पक्ष जांच संभव नहीं है। न्यायालय ने सख्त रूख अपनाते हुए कहा है कि अगर वे इस्तीफा नहीं देते है तो कोर्ट को आदेश देना पड़ेगा।
जस्टिस मुकुल मुद्गल की रिपोर्ट पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान अदालत ने यह बात कही। रिपोर्ट में गुरुनाथ मयप्पन को दोषी बताया गया है और बोर्ड के वकील इस पर अपना पक्ष रखेंगे।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बीसीसीआई के वकील गुरुनाथ मयप्पन को दोषी मानते हुए कोर्ट से गुजारिश कर सकते हैं कि वह उन्हें खुद चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ कार्रवाई करने की इजाजत दे। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के पूर्व जज जस्टिस मुकुल मुद्गल ने सुप्रीम कोर्ट को आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग से जुड़ी अपनी रिपोर्ट 10 फरवरी को सौंपी थी।
सुप्रीम कोर्ट ने बीसीसीआई प्रमुख एम. श्रीनिवासन को दो दिन के भीतर अध्यक्ष पद छोड़ने के लिए कहा है। मामले से जुड़े एक वकील (तस्वीर में) ने मीडिया को बताया कि जज ने काफी तल्ख टिप्पणी की। जज ने कहा कि आप बाहर की गंदगी साफ करना चाहते हैं, जबकि आपके अंदर ही गंदगी भरी पड़ी है। बिना इसे साफ किए बाहर की गंदगी कैसे साफ होगी?


Post a Comment