भाजपा के अहलुवालिया और तृणमूल के भूटिया ने नामांकन दाखिल किया
दार्जिलिंग। दार्जिलिंग लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार सुरिंदर सिंह अहलूवालिया ने आज कहा कि अगर वह लोकसभा चुनावों में जीतते हैं तो पहाड के लोगों की लंबी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए भरपूर प्रयास करेंगे। अहलुवालिया ने कहा, अगर मैं चुनाव जीतता हूं तो पहाड के लोगों की मांगों को पूरा करने का प्रयास करूंगा । गोरखा जनमुक्ति मोर्चा उनका समर्थन कर रहा है । केंद्र द्वारा तेलंगाना के निर्माण के बाद पहाड के लोगों की इस मांग ने तेजी पकडी है। अहलुवालिया ने दार्जिलिंग के जिलाधिकारी पुनीत यादव के कार्यालय में आज नामांकन दाखिल किया ।
इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार बाइचुंग भूटिया और कांग्रेस के सुजय घाटक ने भी नामांकन पर्चा भरा। जीजेएम के अध्यक्ष बिमल गुरूंग ने कल फेसबुक पर पोस्ट कर पहाड के लोगों से अपील की थी कि वे उनके लिए या जीटीए के किसी सदस्य के लिए वोट नहीं डालें बल्कि गोरखालैंड की मांग के लिए वोट डालें। उन्होंने कहा, इस वर्ष जीटीए के किसी सभासद के लिए वोट नहीं डालें बल्कि अपना वोट गोरखालैंड के लिए डालें । इस चुनाव में हम गोरखा समुदाय के भविष्य के लिए वोट डालेंगे। मैंने भाजपा का समर्थन कर गोरखालैंड के लिए अपनी गंभीरता दिखाई है और अब भाजपा का समर्थन करने का आपका समय है ।


Post a Comment