नरेंद्र मोदी की 10 अप्रैल को होने वाली जनसभा के लिए बनाए जा रहे 3 मंच
सिलीगुड़ी : दार्जिलिंग लोक सभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार एसएस अहलूवालिया के समर्थन में 10 अप्रैल को यहां होने वाली नरेंद्र मोदी की जनसभा के लिए तीन मंच तैयार किए जा रहे हैं। शहर से लगभग 15 किलोमीटर दूर खपरैल मोड़ के निकट पाचकलगुड़ी में होने वाली जनसभा के लिए युद्ध स्तर पर तैयारियां चल रही है। जनसभा स्थल के लिए तैयारियों का कार्यभार देख रहे पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश सचिव रविंद्र नरायण चौधरी ने बताया कि सभा स्थल पर तीन मंच तैयार किए जा रहे हैं। पहला मंच 15 फीट चौड़ा व 20 फीट लंबा होगा। इस मंच पर भाजपा के पीएम कंडिडेट नरेंद्र मोदी, सतपाल महाराज, पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राहुल सिन्हा के अलावा दार्जिलिंग लोक सभा सीट के भाजपा उम्मीदवार एसएस अहलहूवालिया समेत उत्तर बंगाल की विभिन्न लोकसभा सीटों के उम्मीदवार मौजूद रहेंगे।
गोरखा जनमुक्ति मोर्चा सुप्रीमो विमल गुरुंग व केपीपी नेता अतुल राय को भी मुख्य मंच पर स्थान मिल सकता है। दूसरे व तीसरे मंच भाजपा, गोजमुमो व केपीपी समेत अन्य सहयोगी दलों के नेता मौजूद रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि जनसभा में लगभग तीन लाख लोगों के आने की संभावना है। मोदी यहां बुलेट प्रूफ शीशे की पीछे से जनसभा को संबोधित करेंगे। हालांकि इस बारे में सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर जग मोहन ने बताया कि भाजपा द्वारा बूलेट प्रूफ शीशे की मांग की गई थी, लेकिन राज्य में इस तरह की सुविधा नहीं है। इधर जनसभा स्थल पर पहले से ही गुजरात पुलिस के अलावा पश्चिम बंगाल पुलिस कैंप लगाकर सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखे हुए है।


Post a Comment