नेपाल में बाढ तथा भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढकर 105 हुई
काठमांडो। नेपाल में सात और शवों के मिलने के साथ ही बाढ तथा भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढकर 105 हो गयी है वहीं 130 लोग अब भी लापता हैं जबकि सरकार हैजा को फैलने से रोकने के लिए पूरा प्रयास कर रही है। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि आपदा प्रभावित जिलों से सात और शव बरामद किए गए हैं जिससे मृतकों की संख्या 105 हो गयी है। उन्होंने कहा कि 130 लोग अब भी लापता हैं। उन्होंने कहा कि बीमारियां फैलने की आशंका है और कार्यकर्ताओं को दवाओं के साथ भेजा गया है। कार्यकर्ताओं के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में अगर समय रहते कदम नहीं उठाया गया तो हैजा के फैलने की आशंका है। गृह मंत्री बामदेव गौतम ने कल बाढ प्रभावित जिलों का दौरा किया था। उन्होंने सरकारी एजेंसियों को अस्थायी शिविर स्थापित करने और डाक्टर तथा नर्स तैनात करने का निर्देश दिया है। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि प्रभावित लोगों की मदद के लिए चार हेलीकाप्टरों से खाने के पैकेज भेजे गये हैं। सेना के जवान सहित 3,444 सुरक्षाकर्मी राहत एवं बचाव कार्य में लगे हुए हैं।


Post a Comment