Header Ads

इंडियन सुपर लीग : मुंबई सिटी एफसी की जीत में सुनील छेत्री की हैट्रिक

 

मुंबई। भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री के हैट्रिक की बदौलत मुंबई सिटी एफसी ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के दूसरे संस्करण के तहत बुधवार को डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए अपने छठे मुकाबले में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को 5-1 से पराजित कर दिया। मुंबई की अपने घर में लगातार यह तीसरी जीत है। इस जीत के बाद मुंबई के छह मैचों से 10 अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। छेत्री के अलावा हेतियन सोनी नोर्डे, सुभाष सिंह और फ्रांज बर्टिन ने इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किए। छेत्री ने मैच के 25वें, 40वें और 48वें मिनट में तीन गोल किया। इसके अलावा मुंबई के लिए नोर्डे ने 51वें और फ्रांज बर्टिन ने 87वें मिनट में गोल दागा। मौजूदा सीजन में हैट्रिक पूरी करने वाले छेत्री दूसरे खिलाड़ी हैं। छेत्री के मौजूदा सीजन में कुल छह गोल हो गए हैं और वह इस समय सबसे अधिक गोल करने के मामले में शीर्ष पर चल रहे हैं। इससे पहले, चेन्नईयन एफसी की ओर से स्टीवन मेंडोजा एफसी गोवा के खिलाफ हैट्रिक पूरी कर चुके हैं। नॉर्थईस्ट की ओर से एकमात्र गोल बोइथांग ने 29वें मिनट में किया।









Powered by Blogger.