पूर्व कॉमनवेल्थ चैंपियन गोरखा बॉक्सर सोम बहादुर पुन बने प्रोफेशनल बॉक्सर
नई दिल्ली : पूर्व कॉमनवेल्थ चैंपियन गोरखा बॉक्सर सोम बहादुर पून ने भी प्रोफेशनल बॉक्सिंग की राह पकड़ ली है। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ होने के चलते रिंग से बाहर ही थे। उन्होंने इंडियन बॉक्सिंग काउंसिल के साथ करार कर प्रोफेशनल बॉक्सिंग की राह पकड़ी है। पून और पूर्व विश्व चैंपियन एल सरिता देवी दोनों की पहली प्रोफेशनल फाइट की शुरूआत एक ही फाइट नाइट से होगी। दोनों खिलाड़ी 29 जनवरी को इंफाल में अपना मैच खेलते नजर आएंगे। बॉक्सिंग छोड़कर कोचिंग में आए पून का सामना थाइलैंड के मानोप सिथीम से होगा। पून कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक अपने नाम कर चुके हैं और वह छह बार राष्ट्रीय चैंपियन भी रहे हैं। सेना के बॉक्सर रहे पून ने कहा कि उनके भीतर का बॉक्सर अभी जिंदा है। उन्होंने कहा कि खराब तबीयत के चलते वह अपनी बॉक्सिंग को आगे नहीं बढ़ा सके थे और कोचिंग में आ गए थे। उन्होंने अपनी कोचिंग को भी सफल बताया क्योंकि उनके सिखाए बॉक्सरों ने भी मेडल जीते।
उन्होंने कहा कि कोचिंग के दौरान भी उनके भीतर का बॉक्सर जोर मारता रहता था। पून ने कहा कि ओलंपिक के लिए टिकट न मिलने का दर्द उन्हें हमेशा बने रहेगा, इसलिए वह इसकी कमी वर्ल्ड टाइटल जीतकर पूरी करना चाहेंगे। कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक विजेता पिंकी जांगड़ा भी इसी फाइट नाइट से प्रोफेशनल हो रही हैं। उन्हें अपने नए सफर पर सफलता का पूरा भरोसा है और उन्होंने कहा कि काश वह मैरी कॉम के खिलाफ मैच खेल पातीं। उन्होंने मैरी कॉम के खिलाफ मिली दो जीतों को बहुत खास बताया और कहा कि मैरी ने देश के लिए जो भी हासिल किया, उसका वह काफी सम्मान करती हैं।
हालांकि, उन्होंने कहा कि जब मैरी कॉम पूछती हैं कि पिंकी जांगड़ा कौन हैं तो उन्हें अपमानित सा महसूस होता है। उन्होंने कहा कि मैं पूरे सम्मान के साथ मैरी को एक और फाइट के लिए आमंत्रित करती हूं, तब उन्हें पता चल जाएगा कि पिंकी जांगड़ा कौन हैं। आपको बता दें कि पिंकी का सामना स्लोवाकिया की क्लॉडिया फेरेन्जी से होगा।


Post a Comment