Header Ads

जलपाईगुडी बम ब्लास्ट के आरोप में केपीपी का महासचिव गिरफ्तार

जलपाईगुडी। कामतापुर पीपुल्स पार्टी (केपीपी) की केंद्रीय समिति के एक सदस्य को यहां हुए साइकिल बम विस्फोट के मामले में कूच बिहार से गिरफ्तार किया गया है। इस धमाके में छह लोग मारे गए थे। केपीपी पृथक कामतापुर राज्य की मांग कर रही है। जलपाईगुडी के पुलिस अधीक्षक अमित पी. जवालगी ने आज बताया कि केपीपी की केंद्रीय समिति के महासचिव नुबास बर्मन को कल पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिला स्थित तूफानगंज में उसके घर से गिरफ्तार किया गया। बर्मन यहां बज्रपाडा में हुए बम विस्फोट के मामले में गिरफ्तार होने वाला दूसरा व्यक्ति है । एक व्यक्ति जलपाईगुडी जिले के मोयंगुरी से गिरफ्तार किया गया था। 

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइकिल विस्फोट मामले में कुछ अन्य लोग हिरासत में लिए गए हैं और उनसे धमाके में उनकी भूमिका के बारे में पूछताछ की जा रही है। विस्फोट के पीछे कामतापुर पीपुल्स लिबरेशन आर्गेनाइजेशन का हाथ होने का संदेह है। बर्मन को 2002 में केएलओ से जुडे होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन अगले साल उसे रिहा कर दिया गया था। उसने आज यहां अदालत में पेश किए जाने से पहले आरोप लगाया कि पृथक कामतापुर राज्य के आंदोलन को पटरी से उतारने के लिए उसे गिरफ्तार किया गया है । बर्मन ने केएलओ या विस्फोट से कोई संबंध होने से भी इनकार किया। जिला प्रशासन ने मंडलायुक्त कार्यालय के घेराव के केपीपी के कार्यक्रम के मद्देनजर कल से जलपाईगुडी में धारा 144 लगा रखी है ।

Powered by Blogger.