GJM ने आधिकारिक रूप से पार्टी से बिनॉय -अनित को किया निष्कासित,12 की वार्ता में रहेंगे शामिल
वीर गोरखा न्यूज पोर्टल
दार्जिलिंग : गोरखा जनमुक्ति मोर्चा ने आधिकारिक रूप से बिनॉय तामंग और अनित थापा की पार्टी से छुट्टी कर दी है। पार्टी की सह महासचिव ज्योति कुमार राई ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए जानकारी दी है कि 1 सितंबर को बिमल गुरुंग की अध्यक्षता में हुए पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक में सभी सदस्यों ने एक सुर में पार्टी से बिनॉय तामंग को सह महासचिव एवं अनित थापा को केंद्रीय समिति के सदस्य पद से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। इसके अलावा दोनों की प्राथमिक सदस्यता भी समाप्त कर दी गयी है। बिनॉय को मोर्चा के को-कॉर्डिनेटर पद से भी हटाया गया है। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने पूर्व में बिनॉय तामंग द्वारा बंद समाप्ति की घोषणा को अवैध ठहराते हुए इसे जारी रखने का भी फैसला लिया है। बैठक में दार्जिलिंग, कर्सियांग, कालिम्पोंग, तराई और डुआर्स के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी सदस्यों ने हाल में हुए बम धमाकों की कड़ी निंदा की। सभी ने पृथक राज्य के लिए संवैधानिक दायरे में रहकर आंदोलन को और तेज करने की बात कही।
12 सितंबर की वार्ता में शामिल रहने का चौंकाने वाला निर्णय
मोर्चा द्वारा 29 अगस्त को नबन्ना में हुई वार्ता का विरोध करने के चंद दिनों बाद ही उनका अब 12 सितंबर को सिलिगुड़ी में प्रस्तावित बैठक में भाग लेने का फैसला चौंकाने वाला रहा। मोर्चा अब 12 सितंबर के वार्ता में शामिल होने जा रही है। वार्ता में जाने वाले प्रतिनिधिमंडल की घोषणा जल्द की जाएगी। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि जो भी प्रतिनिधिमंडल इस वार्ता में जाएगा, उनका एजेंडा केवल और केवल "गोरखालैंड राज्य गठन" रहेगा।
Post a Comment