उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू के हाथों SUMI के प्रिंसिपल एन प्रधान को मिला राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2016 सम्मान
कालिम्पोंग : SUMI के प्रिंसिपल नवरत्न प्रधान को आज शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू के हाथों राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2016 से सम्मानित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में प्रधान के द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को सम्मान देते हुए सरकार ने उन्हें यह गौरव प्रदान किया। यह कार्यक्रम दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया गया। इस पुरस्कार को प्रदान करने के बाद नवरत्न प्रधान ने कहा कि यह पुरस्कार भगवान की कृपा से प्राप्त हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि यह पुरस्कार संपूर्ण पहाड़ एवं कालिम्पोंग के समस्त शिक्षक समुदाय को समर्पित है, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में प्रकाश फैलाने के लिए सतत परिश्रम किया है और वर्तमान में भी कर रहे हैं।
पुरस्कार प्राप्त करने के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी नवरत्न प्रधान ने भेंट की। उन्होंने कहा की राष्ट्रपति ने समाज एवं देश के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण कार्य करने के लिए उनका उत्साहवर्धन भी किया। उल्लेखनीय है कि साल 1982 में SUMI के तत्कालीन प्रिंसिपल एवं नवरत्न प्रधान की ही पिता पीआर प्रधान को भी तत्कालीन राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुआ था।




Post a Comment