Header Ads

सिक्किम की गोर्खाली बेटी ने रचा इतिहास : फिल्ममेकर त्रिवेणी राई ने टोरंटो में जीता बेस्ट डायरेक्टर अवॉर्ड

गैंगटोक : सिक्किम की प्रतिभाशाली फिल्ममेकर त्रिवेणी राई ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उनकी चर्चित फिल्म 'Shape of Momo (छोरा जस्तै)' के लिए उन्हें कनाडा के टोरंटो में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ साउथ एशिया (IFFSA) में बेस्ट डायरेक्टर अवॉर्ड - इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान 21 अक्टूबर को घोषित किया गया था। IFFSA का 15वां संस्करण इस साल 8 से 18 अक्टूबर तक टोरंटो में आयोजित हुआ था।

खास बात यह है कि इसी फेस्टिवल में फिल्म की मुख्य अभिनेत्री गौमाया गुरुंग को भी बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला है, जिससे फिल्म ने दो बड़े पुरस्कार अपने नाम किए हैं। 'Shape of Momo' सिक्किम की पृष्ठभूमि पर बनी एक महिला-केंद्रित फिल्म है, जो हिमालयी क्षेत्र में जीवन, पहचान और नारीत्व की एक मार्मिक कहानी को दर्शाती है। त्रिवेणी राई की यह डेब्यू फिल्म है और यह भारत और दक्षिण कोरिया के संयुक्त प्रोडक्शन में बनी 114 मिनट की नेपाली भाषा की फिल्म है।

त्रिवेणी राई की इस जीत ने न सिर्फ सिक्किम फिल्म इंडस्ट्री को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाई है, बल्कि पूर्वोत्तर भारत और गोर्खा-नेपाली सिनेमा की बढ़ती ताकत को भी साबित किया है।

No comments

Powered by Blogger.