झारखंड : जमशेदपुर के गोलमुरी में नेपाली सेवा समिति द्वारा महासप्तमी पर फूलपाती शोभायात्रा
जमशेदपुर : शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर गोलमुरी स्थित नेपाली सेवा समिति के तत्वावधान में श्री श्री दुर्गा पूजा कमिटी द्वारा महासप्तमी के शुभ दिन पर नव पत्रिका प्रवेश फूलपाती कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
वैदिक मंत्रोच्चार और शंख ध्वनि के बीच माता दुर्गा के प्रथम स्वरूप के रूप में नव पत्रिका को स्नान कराकर स्थापित किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। ढोल, नगाड़े और माता के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष विजय कुमार दमाई ने बताया कि नेपाली सेवा समिति, गोलमुरी की स्थापना वर्ष 1955 में हुई थी। पिछले 70 वर्षों से यह समिति जमशेदपुर में रहने वाले नेपाली समुदाय की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजे हुए है।
उन्होंने कहा, "यह समिति सिर्फ एक पूजा समिति नहीं, बल्कि हमारी पहचान और एकता का प्रतीक है। हमारे पूर्वजों द्वारा शुरू की गई इस परंपरा को हम आज भी पूरी श्रद्धा और एकजुटता के साथ निभा रहे हैं।" कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और स्थानीय समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया।

Post a Comment